मेरठ में लिसाड़ीगेट के रशीदनगर स्थित फूल वाली गली में एक दर्दनाक वारदात को अंजाम दिया गया। यहां रिजवान पुत्र इदरीश ने अपने बड़े भाई फुरकान (32) को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी थाने पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, शराब पीने से रोकने पर रिजवान ने फुरकान के सीने में गोली उतार दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, इदरीश के छह पुत्रों में फुरकान तीसरे नंबर का था। फुरकान व उसका छोटा भाई रिजवान और गुफरान एक ही मकान में रहते थे। ये तीनों घर में ही कपड़े की छपाई का काम करते थे। वहीं अन्य तीन भाई चांद, इमरान और सलमान दूसरे मकान में रहते हैं। आठ दिन पहले रिजवान का फुरकान की पत्नी नसरीन से विवाद हो गया था। इसके बाद नसरीन अपने मायके हापुड़ चली गई थी। रविवार की रात 2:30 बजे शराब के नशे में धुत होकर रिजवान घर पहुंचा। इस पर उसकी फुरकान और गुफरान से कहासुनी हो गई। आरोप है कि रिजवान ने तमंचा निकाला और फुरकान के सीने पर सटाकर गोली मार दी।