अज्ञात कार चालक ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, गंभीर
हस्तिनापुर। मेरठ-पौड़ी मार्ग पर स्थित गणेशपुर गांव के समीप सोमवार शाम अज्ञात वाहन चालक बाइक सवार दो युवकों को रौंदकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहां पर हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
मेरठ की जेल चुंगी निवासी आकाश और उसका साथी सोमवार शाम बाइक पर सवार होकर हस्तिनापुर की ओर से मेरठ जा रहे थे। जब वह मेरठ-पौड़ी मार्ग पर गांव गणेशपुर के समीप एक बैंक्वट हॉल के सामने पहुंचे तो सामने से आ रहे एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मदद के लिए गुहार लगाते रहे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मवाना सीएचसी भिजवाया। जहां दोनों घायल बेसुध हो गए। डॉक्टरों ने घायल युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। घायल युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।