खोखों पर की कार्रवाई, बड़े होर्डिंग नहीं हटवाए
गंगानगर। नगर निगम टीम ने शनिवार को मवाना रोड पर अतिक्रमण और होर्डिंग के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने टीम का घेराव किया। वहीं टीम ने बड़े होर्डिंग और कुछ प्रतिष्ठानों द्वारा किए अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं की।
कसेरूखेड़ा नाले से यशोदा कुंज कॉलोनी तक एनएच-119 पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। अतिक्रमण के कारण लोगों को प्रतिदिन जाम से जूझना पड़ता है। बड़े प्रतिष्ठानों ने सड़क की जद में बैनर व बोर्ड लगा रखे हैं। शिकायत के बाद शनिवार दोपहर नगर निगम की टीम मवाना रोड से अतिक्रमण हटवाने पहुंची। गंगानगर पुलिस की मौजूदगी में अधिकारियों ने सड़क किनारे रखे एक दर्जन खोखे हटवाए। सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे लोगों को जगह खाली करने की चेतावनी दी। हालांकि अधिकारियों ने सड़क की जद में लगे बड़े होर्डिंग नहीं हटवाए। गंगानगर थाने से लेकर कसेरूबक्सर चौराहे तक सड़क होर्डिंग से अटी पड़ी है। इनमें से एक-दो के खिलाफ ही कार्रवाई की गई। बीच-बीच में होर्डिंग कारोबारियों व अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। कारोबारियों ने कहा कि निगम को पैसे देने के बाद ही होर्डिंग लगवाए गए हैं। प्रवर्तन अधिकारी राजकुमार बालियान, सफाई निरीक्षक अजय सील, लेखपाल रुद्रेश कुमार, कर अधीक्षक पीआर गौतम आदि मौजूद रहे।
कुछ समय बाद होगा चौड़ीकरण
एनएच-119 का कुछ माह बाद चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। जल्द ही इसका बजट जारी किया जा सकता है। चौड़ीकरण की प्रक्रिया में सड़क किनारे बने प्रतिष्ठान व होर्डिंग यूनिपोल हटवाए जाएंगे।