संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव देदूपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार सेना के हवलदार को टक्कर मार दी। हादसे में सैन्यकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए मेरठ स्थित मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है।
गांव खालिदपुर निवासी दीपक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका चचेरा भाई परमजीत सिंह भारतीय सेना में हवलदार के पद पर मेरठ में कार्यरत है। उसे भगत लाइन में क्वार्टर मिला हुआ है। 16 अगस्त को परमजीत अपनी बाइक से गांव खालिदपुर से मेरठ भगत लाइन के लिए निकला था। वह देदूपुर मोड़ के समीप पहुंचा तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
राहगीर ने फोन पर परिजनों को दुर्घटना की जानकारी दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल परमजीत को मेरठ के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने अस्पताल में प्राथमिक उपचार और देखभाल के बाद समय मिलते ही थाना पहुंचकर मामले की सूचना दी और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।