लावड़- पत्रकार वार्ता करते उमेर के परिजन। स्रोत : संवाद
पुलिस ने परिजनों को बुलाकर पांच दिन का मांगा समय
संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। उमेर हत्याकांड में रविवार को परिजनों ने पत्रकारवार्ता कर शव बरामद न होने, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर लखनऊ कूच करने की चेतावनी दी। इससे पहले पुलिस ने परिजनों को चौकी बुलाकर पांच दिन का और समय मांगा है।
उमेर की हत्या का खुलासा होने के बाद परिजनों ने लावड़ पुलिस चौकी पर हंगामा किया था। इस पर पुलिस ने 72 घंटे का समय मांगा था। शनिवार को 72 घंटे पूरे होने के बाद भी शव बरामद नहीं हुआ और न ही आरोपी गिरफ्तार हुआ। चाचा कामिल ने कहा कि रविवार सुबह पुलिस ने उन्हें चौकी में बुलाया था और पांच दिन का और समय मांगा है।
उन्होंने बताया कि पांच दिन का पुलिस को समय दिया गया है लेकिन इन पांच दिनों में उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो परिजन लखनऊ कूच करेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय के सामने धरना देना पड़ा तो देंगे। भाई आलमगीर ने कहा कि उमेर की हत्या के बाद से ही उसकी पत्नी नगमा का रोकर बुरा हाल है। बच्चे बार-बार अपने पिता के लिए पूछ रहे हैं। इस दौरान पिता जुबैर, मोहन सैनी, साईम रिजवी, जहांगीर आदि मौजूद रहे।