संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। बेसिक शिक्षा विभाग और जिला चिकित्सा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) दौराला पर परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किया गया। कैंप में दिव्यांग बच्चों का चिकित्सीय परीक्षण कर यूडीआईडी (यूनिक डिसएबिलिटी आईडी) कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
कैंप का आयोजन जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) राजेश कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार के निर्देशन में हुआ। इसमें 42 दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम में एसीएमओ डॉ. अतुल कुमार, ईएनटी सर्जन डॉ. आलोक नायक, आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अजय कुमार शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुभाष, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. विभा नागर तथा फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. रत्नेश कुमार वर्मा शामिल रहे।
चिकित्सीय जांच के बाद 23 बच्चों को यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए। वहीं पांच बच्चों को अतिरिक्त जांच एवं आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। निर्धारित मानकों के अनुरूप 14 बच्चों को यूडीआईडी कार्ड के लिए अपात्र घोषित किया गया। अभिभावकों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 के बारे में बताया गया। इस दौरान मनोज कुमार, मोहम्मद आशिक, दीपक कुमार, राजीव, अशोक, कमलेश, रुचि, रानी, अंजू आदि मौजूद रहे।