फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उधमसिंह नगर से मांगी गई थी उद्यमी से रंगदारी 

Sun, 26 Nov 2017 10:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
परतापुर के उद्यमी ब्रजभूषण मित्तल से फोन पर 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस जांच में पता चला है कि उत्तराखंड के उधमसिंह नगर से उद्यमी को फोन किया गया था। जिस मोबाइल से कॉल आई थी, वो नंबर भी चालू है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए मेरठ पुलिस की एक टीम ने देर रात उधम सिंह नगर पहुंचकर डेरा डाल दिया है। वहीं उद्यमी को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करा दी गई है।
विज्ञापन

परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर स्थित पंचवटी कॉलोनी निवासी ब्रजभूषण मित्तल की गगोल रोड पर चादर की छपाई की फैक्ट्री है। 23 नवंबर को उनके पुत्र अंकित मित्तल के पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम संजय बताकर उससे 50 लाख की रंगदारी मांगी। ब्रजभूषण मित्तल ने पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी। उन्होंने अपने रिश्तेदार संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता को इसकी जानकारी दी। गुप्ता ने देर रात एसएसपी मंजिल सैनी को सारा मामला बताया।

उद्यमी को समझाया, तब दी तहरीर
एसएसपी मंजिल सैनी के निर्देश पर शनिवार दोपहर एसपी सिटी मान सिंह चौहान और सीओ ब्रह्मपुरी अखिलेश भदौरिया उद्यमी ब्रजभूषण से मिलने उनकी फैक्ट्री पहुंचे। पुलिस अफसरों ने बंद कमरे में कारोबारी और उनके बेटे से बात की। पुलिस ने कारोबारी के फोन में हुई ऑडियो रिकार्डिंग भी सुनी।  इंस्पेक्टर परतापुर रघुराज सिंह के अनुसार उद्यमी इस मामले में रिपोर्ट भी दर्ज कराने को तैयार नहीं थे। एसपी सिटी और सीओ ब्रह्मपुरी ने कारोबारी को समझाया। जिसके बाद तहरीर दी गई॥
विज्ञापन


दो बार आई थी कॉल 
पुलिस के अनुसार अंकित के मोबाइल पर दो बार कॉल आई। धमकी भरी कॉल शाम 3.48 बजे आई।उसी नंबर से कुछ मिनट पहले भी कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने किसी सोनू के बारे में पूछा था, लेकिन रांग नंबर होने की वजह से फोन काट दिया।  

व्यापारियों ने जताई नाराजगी
भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा व्यापारियों के साथ उद्यमी की फैक्ट्री पहुंचे। उन्होंने एसपी सिटी और सीओ से इस पर नाराजगी जताई। कहा कि धमकी भरे फोन से व्यापारी बेहद डरा हुआ है। परिवार के लोग बाहर भी नहीं जा रहे हैं। एसपी सिटी ने बताया कि एसएसपी खुद इस केस को देख रही हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

शनिवार शाम तक नंबर चालू था
सूत्रों के अनुसार जांच के बाद पता चला है कि व्यापारी को जिस वक्त फोन पर धमकी दी गई। वो फोन उस वक्त उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में सक्रिय था। ये नंबर किसी संजय के नाम जारी हुआ ही नहीं है। शनिवार शाम तक भी ये नंबर चालू था और उस पर घंटी जा रही थी। मेरठ से एक पुलिस टीम को उत्तराखंड भेजा गया है। वहां की पुलिस से भी मदद भी ली जा रही है। एसओ परतापुर ने बताया कि उम्मीद है कि रविवार तक मामले का खुलासा हो जाएगा। 

मामला गंभीर नहीं है
मामला इतना गंभीर नहीं है। पुलिस को काफी हद तक सफलता मिल गई है। मोबाइल नंबर को ट्रेस कर पुलिस उसके पीछे है, उम्मीद है कि जल्द केस खुल जाएगा। उद्यमी को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करा दी गई है। मान सिंह चौहान एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें