महिला से छेड़छाड़ करने वाले कार सवार दो युवक गिरफ्तार
परीक्षितगढ़। नगर के ब्लॉक परिसर में बने आवास में बुधवार रात खाना खाकर टहल रही वाल्मीकि समाज की महिला को कार सवार संप्रदाय विशेष के चार युवकों ने महिला के साथ छेड़छाड़ व जातिसूचक शब्द कहे। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया।
नगर के ब्लॉक परिसर में बने आवास में वाल्मीकि समाज की महिला अपने परिवार के साथ रहती है। बुधवार रात करीब नौ बजे महिला खाना खाकर परिसर में टहल रही थी। मारुति कार में सवार संप्रदाय विशेष के चार युवक ब्लाक में पहुंचे तथा महिला के साथ छेड़छाड़ की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जबरन कार में खींचने लगे। महिला द्वारा शोर मचाने पर कॉलोनी के लोग उस और दौडे़। लोगों को अपनी ओर आते देख कार सवार युवक मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने थाना भावनपुर क्षेत्र के गांव पचपेड़ा निवासी लुकमान चौहान पुत्र उस्मान, शाहआलम पुत्र अब्दुल हसन, शफीक पुत्र शौकीन व नगर के मोहल्ला गंधार दरवाजा निवासी साबिर उर्फ छोटे पुत्र तुल्ली को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने नामजद दो आरोपियों साबिर व शाहआलम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि महिला से छेड़छाड़ के मामले में दो आरोपियों को जेल भेज दिया। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।