सरधना। नगर के संत चार्ल्स इंटर कॉलेज के पास से पुलिस ने एक्सपायर कॉस्मेटिक सामान से लदी गाड़ी को पकड़ा है। हाल ही में यहां एक मकान से एक्सपायर दवाइयों खेप भी बरामद की गई है। पुलिस गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि नगर के संत चार्ल्स इंटर कॉलेज पास दो पिकअप गाड़ी में एक्सपायर कॉस्मेटिक का सामान लदा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की तो एक गाड़ी में एक्सपायर कॉस्मेटिक का सामान लदा मिला। जो कि नगर के बाजार में ही बिक्री के लिए लाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह फैंटम पुलिस ने संत चार्ल्स के पास से दो महिंद्रा पिकअप गाड़ी पकड़ी। इन गाड़ियों में कॉस्मेटिक का एक्सपायर सामान लदा हुआ था। गाड़ियों के चालक से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि ये माल तहसील के पीछे रजबहा किनारे बने गोदाम में रखा हुआ था। जो कि उन्हें वहां से लादकर बाजार में ले जाया जा रहा था। मौके पर गोदाम खाली मिले।
गाड़ी चालक ने पुलिस पूछताछ में गोदाम संचालक इस्लामाबाद निवासी युवक काे बताया है। माल कहां से लाया गया और कहां भेजा जा रहा था। एक्सपायर दवाइयां मिलने के बाद अब एक्सपायर कॉस्मेटिक काफी मात्रा में मिलने पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि पकड़े गए माल के संबंध में औषधि विभाग और खाद्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा।
-
ब्रांडेड कंपनी का है एक्सपायर कॉस्मेटिक सामान
पुलिस द्वारा पकड़ी गई दो पिकअप से एक्सपायर कास्मेटिक सामान से बरामद किया गया है। इस सामान पर नामचीन ब्रांडेड कंपनी के टैग लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि खराब सामान को बाजार में बेचकर माफिया मोटा मुनाफा कमा रहे हैंं। मेकअप का सामान भी बड़ी मात्रा में पुलिस ने बरामद किया है।
कालाबाजारी का अड्डा बना सरधना
कस्बा सरधना कालाबाजारी का अड्डा बन गया है। कालाबाजारी करने वाले बेखौफ होकर धंधा कर रहे हैं। तीन दिन पूर्व भी मोहल्ला इस्लामाबाद में काफी मात्रा में एक्सपायर दवाइयों का जखीरा पुलिस ने पकड़ा था। इसके तीन दिन बाद ही एक्सपायर कॉस्मेटिक का सामान मिलने से प्रशासन व नगरवासियों में हड़कंप मचा हुआ है। इससे पूर्व नगर में एक ब्रांडेड कंपनी का टैग लगी फर्जी बेड सीट बरामद हुई थी।