गंगोह(सहारनपुर)। पुलिस ने पशु पैठ तिराहे के पास चेकिंग के दौरान दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 500 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट कार बरामद की गई है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 50 लाख रुपये है।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी जनपद शामली के गांव भूरा, थाना कैराना निवासी सादिक और कैराना निवासी मुनव्वर हसन शातिर अपराधी है। दोनों के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में पूर्व में भी अनेक मामले दर्ज है। पूछताछ में दोनों ने स्मैक की तस्करी की बात स्वीकार की है।
सादिक ने पूछताछ में बताया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है और घाटमपुर (अम्बहेटा के पास) निवासी शमीर व आसिफ से स्मैक खरीद कर अपने गांव व आसपास के इलाकों में बेचता है। उसने यह भी स्वीकारा कि बरामद स्मैक उसी ने शमीर व आसिफ से खरीदी थी और मुनव्वर को उसमें से 20 ग्राम बेचने के लिए दी थी।
तस्कर सादिक के पास से 480 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल फोन और स्विफ्ट कार बरामद हुई, जबकि मुनव्वर के पास से 20 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल मिला। कोतवाली प्रभारी पीयूष दीक्षित ने बताया कि दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस अब शमीर और आसिफ की तलाश में जुट गई है।