- शिकायत करने पर पिता को चाकू मारकर किया घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़। रंजिश के चलते रविवार रात क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए जा रही दो सगी बहनों के साथ गांव के ही युवक ने अश्लील हरकतें करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए। पीड़ित बहनें किसी तरह वहां से बचकर भाग निकलीं और परिजनों को आपबीती बताई। पीड़ित पिता आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचा तो उसके व छोटे भाई पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला बोल दिया। पीड़ित ने थाने में आरोपी युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया है।
पीड़ित ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाते हुए बताया कि रविवार की रात करीब 8:00 बजे उसकी दो नाबालिग बेटियां शौच के लिए जा रही थी। रास्ते में गांव का ही युवक उन्हें रोक कर अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने दोनों बेटियों के कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता बहनों ने शोर मचाया और किसी तरह वहां से भाग निकली। घर पहुंचकर अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
पीड़ित पिता उक्त आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचा तो आरोपी गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा और धारदार चाकू से जान से मारने की नीयत से हमला बोल दिया। शोर सुनकर पीड़ित का छोटा भाई वहां बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोपी युवक ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस घायल को लहूलुहान अवस्था में उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने मेरठ अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित पिता ने गांव निवासी आरोपी युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। आपस में दोनों पक्षों में किसी बात पर मारपीट हुई है। दोनों पक्षों के लोग घायल हैं। थाना पुलिस ने जानकारी दी हैकि छेड़छाड़ का आरोप गलत है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।