मेरठ। थाना लोहियानगर पुलिस ने शुक्रवार रात उन दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है जिन्होंने 30 अप्रैल को जुर्रानपुर में गोसेवा प्रमुख योगेंद्र भड़ाना के घर फायरिंग की थी। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ है।
पुलिस को चिन्दौड़ी पुलिया के पास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान अमन निवासी कमला नगर, बागपत रोड ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी फायरिंग में इसके पैर में गोली लगी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नवीन निवासी दायमपुर यह मौके से भाग निकला था लेकिन पुलिस ने कांबिंग कर इसे भी दबोच लिया। सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल के अनुसार आरोपियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, अमन के पास से 32 बोर की पिस्टल, नवीन के पास से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने ही 30 अप्रैल को ग्राम जुर्रानपुर में गोसेवा प्रमुख योगेंद्र भड़ाना के घर पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी।