मुठभेड़ में घायल दो लुटेरे जेल भेजे
मेरठ। घंटाघर में लूट करने वाले दो बदमाशों को बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। तीसरे लुटेरे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। गोली लगने से उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है। तीनों लुटेरों को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली मारकर पकड़ा था।
देहलीगेट थाना क्षेत्र में छतरी वाले पीर के पास एक दुकान में सात फरवरी को बदमाशों ने लूट की थी। मंगलवार मुठभेड़ में देहलीगेट व कोतवाली पुलिस ने तीनों लुटेरों सलमान, अमन और मूसा को पकड़ा था। अमन और मूसा को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सलमान को अभी जिला अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली।
दुकान में लूट का वीडियो वायरल
सात फरवरी को दुकान लूटने में चार बदमाश शामिल थे। बुधवार लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दिख रहा है कि दुकानदार फैज और उसके भाई को बदमाश ने तमंचा दिखाकर लूट की। बदमाश योजना के साथ वारदात करने आए थे।
व्यापारियों ने किया सम्मानित
लूट का खुलासा और मुठभेड़ में तीन बदमाशों को पकड़ने पर व्यापारी नेता आशु शर्मा बुधवार को ने पुलिस टीम को सम्मानित किया। दो दिन में लूट की घटना का निवारण कराने में सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया की प्रशंसा की।