दोनों पक्षों के 10 लोगों काे किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। बाढ़ के बाद गंगा नदी का जलस्तर कम होते ही सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर आपस में रंजिश और विवाद होने लगा है। क्षेत्र के जलालपुर जोरा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मौके पर पहुंची मामला थाना हस्तिनापुर पुलिस ने दोनों पक्षों के 10 लोगों को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर लिया।
गंगा का जलस्तर कम होने पर जलालपुर जोरा गांव में सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर लंबे समय से भूमि विवाद चला आ रहा है। बृहस्पतिवार को खाली पड़ी भूमि पर एक पक्ष द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया गया। दूसरा पक्ष भी उसे अपनी बताते हुए जोतने लगा। तभी दोनों पक्षों में विवाद होने लगा तथा लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए।
दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। हालांकि किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। तुरंत मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। भद्रकाली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से 10 लोगों को हिरासत में लेने के साथ ही दो ट्रैक्टरों को कब्जे में ले लिया।
थानाध्यक्ष शशांक द्विवेदी ने बताया कि एक पक्ष से सत्ते, धन्नी, वीरपाल, भोलू, राहुल, मनोज, रवि और दूसरे पक्ष से जोगिंद्र, विनोद व कपिल को शांति भंग में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है।