मुजफ्फरनगर में मीरापुर चौकी के निकट सोमवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के साथ ही एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाहपुर थाना पुलिस सोमवार देर रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान शामली की ओर से बाइक सवार दो बदमाशों की सूचना पर मीरापुर चौकी के निकट पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू किया।
एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पीनना की ओर से आते बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फायरिंग कर दी, जिसमें कांस्टेबल राजीव कुमार गोली लगने से घायल हो गया। इस पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की तो दोनों बदमाशों को पैरों में गोलियां लगीं और वे वहीं गिर पड़े।
एसओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में अमजद निवासी गांव हरसौली व शादाब निवासी गांव शेरपुर हैं, जिनके कब्जे से दो तमंचे-कारतूस के साथ ही एक बाइक भी बरामद की गई है। सूचना पर सीओ बुढ़ाना विजय प्रकाश ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।