meerut police, up police, encounter
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र के कैंट इलाके में रविवार देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से 25 हजार का इनामी बदमाश अली पुत्र नईम निवासी घोसी मोहल्ला लालकुर्ती घायल हो गया। जबकि दो बदमाश फरार हो गए।
वहीं मुजफ्फरनगर में रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया जिसका अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी है।
मेरठ में सीओ कैंट हरिमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कैंट क्षेत्र में डी बाबा चौराहे के पास बाइक सवार तीन बदमाश जा रहे हैं। एसओ सदर और यूपी 112 पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश बाइक से भागने लगे। इस दौरान पैर में गोली लगने से एक बदमाश अली घायल हो गया। जबकि दो बदमाश अकरम और नितिन पैदल ही फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
कई लूट को दिया अंजाम
पुलिस फोर्स ने इन बदमाशों की तलाश की। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। सीओ ने बताया कि मौके से एक लूटी हुई बाइक, एक तमंचा और सात कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में अली ने बताया कि 27 फरवरी को कंपनी गार्डन के पास भारत फाइनेंस कंपनी के सोनू दादरी से डेढ़ लाख रुपये लूटे थे। जिसके बाद तीनों बदमाशों ने लूट का पैसा बांट लिया था।
इसी गैंग ने 15 जनवरी को थापर नगर में व्यापारी सहदेव जैन से 70 हजार की लूट की। पुलिस ने बदमाश के पास से 22 हजार रुपये, दो आधार कार्ड बरामद किए हैं। एसपी सिटी घटनास्थल पर पहुंचे और मुठभेड़ की एसआे से जानकारी ली।
मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर थानाक्षेत्र में पुलिस ने कुतुबपुर झाल के पास मुठभेड़ के दौरान 15 हज़ार के इनामी बदमाश गुलफाम पुत्र इरशाद निवासी जानसठ को किया गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश लूट के मामले में वांछित चल रहा था।