सार
मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर जानी खुर्द के पास मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। शादी से लौट रहे परिवार की कार खाई में गिरकर पेड़ से टकरा गई, जिससे महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह जानी खुर्द ब्लॉक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोरी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अज्ञात वाहन को बचाने में हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि जैसे ही कार मेरठ-बागपत हाईवे पर जानी ब्लॉक से आगे पहुंची, तभी चालक ने किसी अज्ञात वाहन को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान कार से नियंत्रण हट गया और वाहन खाई में गिरकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों और पुलिस ने निकाले घायलों को
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। दुर्घटना में सुमन सिंह (48 वर्ष) पत्नी वीर बहादुर निवासी बदलापुर, जौनपुर और रोहित (34 वर्ष) पुत्र प्रकाश निवासी बहादुरपुर, अमरोहा की मौके पर ही मौत हो गई।
चार घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में वीरबहादुर सिंह, शिवम, फूलवती और आयुषी (15) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।