गंगनहर पटरी पर दो कारों में भिड़ंत, एक आग का गोला बनीं
सरधना। गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग पर भलसोना पुल के निकट रविवार दोपहर फॉर्च्युनर और क्विड कार में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते क्विड कार आग का गोला बन गई। जिसमें परिवार के पांच सदस्य जलने से बच गए। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों को चोट आई है।
रविवार दोपहर गाजियाबाद के गांव महमदपुर निवासी नंदकिशोर त्यागी पुत्र हरनाथ त्यागी का परिवार कार में सवार होकर गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग से होते हुए खतौली क्षेत्र के डबल गांव में रिश्तेदारी में जा रहा था। कार नंदकिशोर चला रहा था। उसके साथ पत्नी अनिता व पुत्रवधू प्रियंका पत्नी नकुल व पौत्र अर्पित व पौत्री अर्पिता सवार थे। भलसोना पुल के निकट सामने से आ रही फॉर्च्युनर कार ने उनकी क्विड कार में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे अनिता व अर्पित व अर्पिता घायल हो गए। इसी बीच कार में आग लग गई और उसमें तेज लपटें उठने लगीं। घायलों को तुरंत कार से बाहर निकाला। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। तीनों घायलों को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आसपास मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पहुुंचकर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कार जल चुकी थी। इस दौरान मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई, जिससे कुछ देर के लिए जाम लग गया। पुलिस ने जली कार को मार्ग से हटवाया। इसके बाद वाहनों का आवागमन सुचारु हुआ।