कोहरे में दो बसों में आमने-सामने की भिड़ंत, दो दर्जन लोग घायल
सरूरपुर। घने कोहरे के चलते बृहस्पतिवार सुबह मेरठ-बड़ौत मार्ग पर खिवाई पुलिस चौकी के पास रोडवेज की दो अनुबंधित बसों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें करीब दो दर्जन सवारी घायल हो गई। कई की हालत गंभीर बताई गई है। बस क्षतिग्रस्त होने से सड़क पर काफी देर तक जाम लगा रहा। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे मेरठ डिपो की बस बड़ौत से मेरठ की ओर जा रही थी। मेरठ से आ रह बस से उसकी भिड़ंत हो गई। जिससे बसों सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बसों के टकराने की आवाज सुनकर पास ही मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से पुलिस ने घायलों को रोहटा व सरूरपुर सीएचसी के अलावा जिला अस्पताल भिजवाया।
हादसा इतना भयानक था कि बसों की सीट तक उखड़ गई थी। दूर तक कांच फैला हुआ था। दोनों बसें एक-दूसरे के अंदर घुसी हुई थी। हादसे में एक बस के चालक कपिल निवासी भदौड़ा, अंजुम, अरुण, मुनेश पत्नी सुंदर, जाकिर निवासी खिवाई, शिवप्रताप निवासी कानपुर, सुनील, इमरान निवासी मोदीनगर, विशेष, वाजिद, हरीश निवासी मेरठ, कविता, मनोज निवासी बड़ौत, कृष्णा निवासी वाजिदपुर, शिवदान सिंह निवासी परतापुर व अन्य घायल हुए हैं।
सीओ सरधना आरपी शाही का कहना है कि घायलों को सीएचसी सरूरपुर व रोहटा में भर्ती कराया गया है। जबकि कुछ घायलों का जिला अस्पताल भेजा गया है। घने कोहरे के दौरान सड़क हादसा हुआ।