मेरठ। रंगोली मंडप में शादी समारोह से दुल्हन के पिता राजू कश्यप का बैग चोरी करने वाले दो बदमाश प्रवेश विहार के ब्लाक निवासी मन्नू राजपूत और पुतलीघर विवि रोड निवासी रवि गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किए गए रुपये और आभूषण बरामद किए हैं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि फूलबाग कॉलोनी निवासी राजू कश्यप की बेटी की शादी 11 नवंबर को रंगोली मंडप में हुई थी। परिवार के सभी लोग शादी समारोह में शामिल हुए और स्वागत में लगे थे। इसी दौरान दो चोर मंडप में घुस गए। आरोपियों ने समारोह में भोजन किया और मौका पाकर राजू कश्यप का नकदी और आभूषण का बैग लेकर भाग गए थे। बैग में 65 हजार रुपये और 2.70 लाख रुपये के आभूषण व कन्यादान के कुछ लिफाफे भी थे। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने मन्नू और रवि को गिरफ्तार किया है। रवि के खिलाफ रेलवे रोड, सिविल लाइन और भावनपुर में चोरी और लूट के मुकदमे दर्ज हैं।