खरखौदा। गांव चिंदौड़ी में जमीन के विवाद में दो पक्षों में रंजिशन बीते पांच अक्तूबर को मारपीट, पथराव एवं फायरिंग हो गई थी। जिसमें एक पक्ष से किशोर को गोली लग गई तथा पथराव में एक महिला एवं एक बुजुर्ग घायल हो गए। वहीं, पुलिस ने घायल पक्ष की ओर से सात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों को जेल भेज दिया।
घोसीपुर चिंदौड़ी में फैजाब एवं शेरद्दीन पक्ष में नगर निगम की 200 मीटर जमीन को लेकर करीब एक वर्ष से विवाद चला आ रहा है। बीती पांच अक्तूबर को दोनों पक्षों में फिर से मारपीट, पथराव एवं फायरिंग हुई थी। जिसमें शेरद्दीन पक्ष का शरीफ अपने मकान पर बैठा हुआ था तो फैजाब पक्ष के जावेद, आबिद, तनवीर व दानिश पुत्रगण जब्बार, फैजाब, उम्मेद पुत्रगण पल्लड़, फरमान पुत्र लामो पहुंचे तथा मारपीट, पथराव व फायरिंग कर दी थी। जिसमें सुभान (12) पुत्र इमरान जांघ में गोली लगने से घायल हो गया था। इसी पक्ष की रुकसाना एवं शरीफ पथराव में घायल हो गए थे। पुलिस ने जानलेवा हमला, बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर किया था। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी पक्ष के जावेद पुत्र जब्बार एवं उम्मेद पुत्र पल्लड़ को जेल भेज दिया।