जानीखुर्द (मेरठ)। गांव रामपुर पावटी स्थित आयुष फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में चार दिन पूर्व कहासुनी में पीट-पीटकर की गई मोहित की हत्या के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना का कारण मोहित के साथ आरोपियों की कहासुनी होना बताया जा रहा है।
उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के थाना मंगलौर के गांव लिब्बरहेड़ी निवासी मोहित पुत्र अजीत सिंह को उपचार के लिए मेरठ-बागपत बाईपास के पास गांव रामपुर पावटी में स्थित आयुष फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया गया था। मोहित की होली के दिन आयुष फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र के संचालक हरीश कुमार उर्फ बिल्लू निवासी गांव रामपुर पावटी से कहासुनी हो गई थी। इसे को लेकर हरीश कुमार ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर मोहित को डंडे व लात-घूसों से पिटाई कर घायल कर दिया था। हालत बिगड़ने पर हरीश, मोहित को उपचार के लिए अस्पताल ले गया था, जहां उपचार के दौरान मोहित की मौत हो गई थी। इसके बाद हरीश मौके से फरार हो गया था।
रविवार को मोहित के पिता अजीत ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। सोमवार को पुलिस ने पांचली के पास से आरोपी हरीश और अमर शर्मा निवासी कस्बा व थाना मुरादनगर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल में प्रयुक्त डंडे भी बरामद किए हैं।
सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल के अनुसार आयुष फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र संचालक आरोपी हरीश कुमार उर्फ बिल्लू नशा मुक्ति केंद्र के संचालन संबंधी कोई भी वैध प्रपत्र नहीं दिखा पाया। इसकी जांच के बाद रिपोर्ट बनाकर पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों को भेजी जाएगी।