जानी खुर्द। थाना जानी पुलिस ने फर्जी व कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर किराए पर गाड़ी लेकर उसे हड़पने और धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से गबन की गई ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित सुमित चिकारा निवासी खानपुर ने थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि तीन चार अज्ञात व्यक्तियों ने एक राय होकर छल-कपट किया। आरोपियों ने धोखाधड़ी की नीयत से कूटरचित फर्जी आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस उससे देकर 15 हजार रुपये माह उसकी स्कॉर्पियो को किराए पर लिया। गाड़ी लेकर जाने के बाद आरोपियों ने ठगी की नीयत से उसमें लगा जीपीएस सिस्टम बंद कर दिया और अपने मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ कर लिए। पुलिस ने घटना की जांच कर और सर्विलांस की मदद से गबन की गई स्कॉर्पियो गाड़ी समेत दो आरोपियों को सोमवार को धर दबोचा।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के नाम कौशलेंद्र उर्फ सोनू निवासी रोहिणी, उत्तर पश्चिमी दिल्ली हाल पता आस्ता सिटी, आगरा और अमित सिंह निवासी एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, थाना मेडिकल, मेरठ है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके द्वारा पूर्व में की गई इस तरह की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।