- नगर आयुक्त ने अपर आयुक्त को वरिष्ठ प्रभारी और लेखाधिकारी को निगम निधि का कार्य सौंपा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नगर निगम में मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी की कुर्सी पर खींचतान चल रहा है। 11 दिन बाद शुक्रवार को नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार सिंह को लेखा अनुभाग का वरिष्ठ प्रभारी बनाया है। लेखाधिकारी कृष्ण बिहारी पाठक को निगम निधि संबंधी कार्यों का दायित्व सौंपा है।
मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह का स्थानांतरण वाराणसी में जल संसाधन मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी के पद पर 31 मई को हुआ था। 24 घंटे में ही स्थानांतरण रुका और फिर शासन द्वारा जितेंद्र प्रताप सिंह को गाजियाबाद के नगर निगम में मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी बनाया गया।
नगर निगम मेरठ में मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी का प्रभार रिक्त चल रहा था। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने लेखा विभाग की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त को दी। शुक्रवार को लेखाधिकारी कृष्ण बिहारी पाठक मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी की कुर्सी पर बैठ गए। इससे लेकर निगम अफसरों व कर्मचारियों में अलग-अलग चर्चा है। अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार का कहना है कि लेखा विभाग का वरिष्ठ प्रभारी का चार्ज नगर आयुक्त द्वारा दिया गया। नगर आयुक्त ही तय करेंगे कि मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी की कुर्सी पर कौन बैठेगा।