सरधना। धनवाली गांव के जंगल में ट्यूबवेलों को जाने वाली विद्युत लाइन के तार चोरों ने काटकर चोरी कर लिए। इससे कई किसानों के ट्यूबवेलों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। किसानों ने विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी से शिकायत कर लाइन की मरम्मत कराने और आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
किसानों के अनुसार गांव छबड़िया, कालंद, चांदना और सरधना क्षेत्र के किसानों की कृषि भूमि ग्राम धनवाली में है। उनके खेतों पर लगे ट्यूबवेलों को विद्युत आपूर्ति करने वाली लाइन के तार 20 अगस्त की रात चोर चोरी कर ले गए। सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को तार चोरी होने की जानकारी हुई। तार चोरी होने के कारण ट्यूबवेल बंद हो गए और खेतों में सिंचाई का काम प्रभावित हो गया। शिकायत देने वालों में वीरेंद्र कुमार, सनीव, नरेश समेत अन्य किसान शामिल रहे।