बागपत में रविवार को लगातार दूसरे दिन हुई भीषण दुर्घटना में एक ट्रक चालक की मौत हो गई। वह एक्सप्रेस वे पर ट्रक का टायर बदल रहा था कि अचानक पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार मृतक अमरोहा का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह तीन बजे ईस्टर्न पेरिफेरल वे पर अमरोहा जिले के हसनपुर निवासी लोकेंद्र ट्रक लेकर कहीं जा रहा था। यहां एक्सप्रेस वे पर मवी कलां क्षेत्र के समीप उसका ट्रक खराब हो गया।
चालक लोकेंद्र उतरकर ट्रक का पहिया बदलने लगा कि अचानक पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में लोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं ट्रक चालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।