महिला का फाइल फोटो और हंगामा करते परिजन, साइड में ट्रक ड्राइवर
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के मेरठ शहर में बृहस्पतिवार रात रोड़ी से भरे बेकाबू ट्रक ने एक महिला को कुचल दिया। महिला पति के साथ बाइक से घर लौट रही थी। शोर मचने पर लोगों ने पीछा कर ट्रक चालक को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गांव अमानउल्लापुर जानी निवासी सचिन शर्मा रोडवेज में परिचालक हैं। वर्तमान में टीपी नगर के मुल्तान नगर में परिवार सहित रहते हैं। सचिन बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे पत्नी संजू को डॉक्टर से दवाई दिलाकर बाइक से घर लौट रहे थे। बेगमपुल पर उनकी बाइक में रोड़ी से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दंपति बाइक से जा गिरा और ट्रक का पिछला पहिया संजू को कुचलते हुए निकल गया। हादसा होने पर आसपास के लोग शोर मचाते हुए ट्रक के पीछे हापुड़ अड्डे की तरफ दौड़े। बेगमब्रिज रोड स्थित सोतीगंज मोड़ पर लोगों ने घेराबंदी कर ट्रक रुकवा लिया। महिला की मौत से गुस्साए लोगों ने आरोपी चालक को जमकर पीटा। हादसे की जानकारी पर एसपी सिटी, सीओ और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। लालकुर्ती पुलिस ने आरोपी चालक वसीम निवासी संभल को गिरफ्तार कर लिया।
आंखों के सामने खत्म हो गई दुनिया
सचिन ने बिलखते हुए कहा कि आंखों के सामने ही उसकी दुनिया खत्म हो गई। पत्नी की चीख उसके कानों में अभी भी गूंज रही है। उसके दो मासूम बच्चे वासू (5) और गुड्डू (3) हैं। अब उनकी परवरिश कौन करेगा। हादसे की जानकारी के बाद सचिन के परिजन भी मौके पर पहुंचे। हादसा देखकर लोग अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे। करीब आधा घंटे तक वहां भीड़ लगी रही। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेजकर यातायात सुचारु कराया।
पढ़ें : कोहरा बना कहर, हादसे में गई तीन छात्रों की जान, परिजनों में मचा कोहराम
हाईवे पर बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग, तीन घायल
हादसे के बाद हंगामा करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल हाईवे पर नारायण फार्म हाउस के सामने एक ही बाइक से बिना हेलमेट जा रहे तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत नाजुक बताई गई।
पुलिस के अनुसार मोदीपुरम निवासी मोनू (24) अपने साथी खेड़ी निवासी अतुल और छोटू को बाइक से छोड़ने दौराला जा रहा था। नारायण फार्म के सामने पहुंचे तो अज्ञात वाहन चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक दूर जाकर गिरे और गंभीर रुप से घायल हो गए। तीनों घायलों को टोल एंबुलेंस से आनंद अस्पताल के लिए भेजा गया। जहां मोनू की हालत नाजुक बतायी गई।
सिर में लगी चोट
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीनों युवक बाइक पर अपनी साइड से जा रहे थे। पीछे से आए एक बड़े वाहन ने तेजी और लापरवाही के चलते उन्हें मार दी थी। जिसके चलते मोनू का सिर सड़क पर लगा और खून निकल गया, उसके सिर पर हेलमेट भी नहीं था। अगर हेलमेट होता तो उसे घातक चोट से बचाया जा सकता था। एसओ पल्लवपुरम के अनुसार हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। लेकिन जब तक घायलों को टोल की एंबुलेंस आनंद अस्पताल ले गई थी। मौके पर मिली बाइक को कब्जे में ले लिया है। घायलों के संबंध में परिजनों ने थाने पर कोई सूचना नहीं दी है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/