ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, विवाहिता की मौत
रोहटा। मेरठ-बड़ौत रोड पर मंगलवार सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक विवाहिता की मौत हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार मोदीनगर के जगतपुरी निवासी सपना की 26 अप्रैल को नारंगपुर निवासी रोनक पुत्र रणसिंह के साथ शादी हुई थी। मंगलवार को रणसिंह पत्नी सपना व दो भतीजी तनिष्का व मानसी के साथ मोदीनगर जा रहा था। जब वह मेरठ बड़ौत रोड पर कैथवाड़ी भट्टे के पास पहुंचा, तो पीछे से तेज गति से आए एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सड़क पर गिरी सपना को ट्रक ने कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक सवार दोनों बच्ची और पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। उधर हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हंगामा करते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया।