सीसीएसयू के अटल सभागार में स्वरांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ।
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सर छोटूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और स्टूडेंट कांशियस क्लब की ओर से शुक्रवार को अटल सभागार में स्वराजंलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें संगीतमयी प्रस्तुति से 1857 की क्रांति के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई।
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर एमएस ढाका ने सैन्य सेवा से जुड़े अनुभव साझा किए। इसके साथ ही सेना में कॅरिअर के बारे में बताया। मुख्य वक्ता इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. केके शर्मा ने मेरठ की क्रांति पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन से प्रकाश डाला। उन्होंने शहीद धन सिंह कोतवाल, शहीद शाहमल, शहीद कदम सिंह सहित भूले-बिसरे क्रांतिकारियों के साथ ही पांचली-गगोल जैसे गांवों की भूमिकाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि 1857 की क्रांति ने अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी थी।
विशिष्ट अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने 1857 की क्रांति से वर्तमान तक के राष्ट्रीय संघर्षों की कड़ी को रेखांकित किया। पहलगाम आतंकी हमले पर उन्होंने कहा कि हमें आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट संकल्प लेना चाहिए। राजनीतिक विश्लेषक एवं वरिष्ठ पत्रकार राजवीर सिंह ने युवाओं से सामाजिक दायित्व निभाने का आह्वान किया।
डॉ. स्नेहवीर पुंडीर ने कहा कि देशप्रेम तब ही सच्चा होगा, जब हम अपने समाज के हर वर्ग के सम्मान और सेवा को प्राथमिकता देंगे। अध्यक्षता कर रहे निदेशक प्रो. नीरज सिंघल ने कहा कि युवा तकनीकी दक्षता के साथ देशभक्ति से ओतप्रोत होने चाहिएं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को युवाओं में चेतना जागृत करने वाला बताया। संचालन प्रताप कुमार व प्रवीण ने किया। इस अवसर पर अमरजीत सिंह, आकाश त्रिपाठी, शिवांश मिश्रा, शैलजाकांत शुक्ला, प्रताप सिंह, डाॅ. लक्षिता भंडारी, मितेंद्र गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।