रेलवे ने नया शेड्यूल किया जारी, अब वंदे भारत एक्सप्रेस मेरठ समेत सहारनपुर और मुजफ्फरनगर स्टेशन पर भी रुकेगी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। वंदे भारत एक्सप्रेस का मंगलवार को सफल ट्रायल हुआ। ट्रेन 110 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ी। रेलवे ने ट्रेन का नया शेड्यूल भी जारी कर दिया है। अब ट्रेन मेरठ के अलावा मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और रुड़की स्टेशन पर भी रुकेगी।
रेलवे के अनुसार मंगलवार सुबह 5.30 बजे आनंद विहार से रवाना हुई। ट्रेन 6:30 बजे मेरठ के सिटी स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन को देखने के लिए काफी लोग आए। किसी ने फुटओवर ब्रिज पर चढ़कर ट्रेन को दौड़ते हुए मोबाइल में कैद किया तो किसी ने कैट स्टेशन पर पहुंचकर। ट्रेन के लुक को लोगों ने काफी सराहा। सोशल मीडिया पर रफ्तार से दौड़ती वंदे भारत ट्रेन का वीडियो भी खूब वायरल हुआ।
ट्रेन नंबर 22457 आनंद विहार-देहरादून वंदे भारत शाम 5:50 बजे चलेगी। मेरठ के सिटी स्टेशन पर 6:38, मुजफ्फरनगर 7:08 बजे, सहारनपुर 7:55 बजे, रुड़की 8:31 बजे, हरिद्वार 9:15 बजे और रात 10:35 बजे देहरादून पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 22458 देहरादून-आनंद विहार वंदे भारत सुबह सात बजे देहरादून से चलेगी। 8:04 बजे हरिद्वार, 8:49 बजे रुड़की, 9:27 बजे सहारनपुर, 10:07 बजे मुजफ्फरनगर, 10:37 मेरठ सिटी स्टेशन, 11:45 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
मोबाइल में कैद की ट्रेन
वंदे भारत ट्रेन को सबका प्यार मिला। किसी ने सिटी स्टेशन के फुटओवर ब्रिज अथवा प्लेटफार्म नंबर चार के अंतिम छोर पर खड़े होकर ट्रेन का वीडियो बनाया तो किसी ने कैंट स्टेशन पर उसे निहारा।
देहरादून से वापसी पर होगा जोशीला स्वागत
वंदे भारत ट्रेन को 25 मई की सुबह 10:30 बजे हरी झंडी दिखाकर देहरादून रवाना किया जाएगा। जब यह ट्रेन देहरादून से लौटेगी तब रास्ते में ठहराव के स्टेशनों पर स्वागत किया जाएगा। मेरठ सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर जीआरपी और आरपीएफ थाने के नजदीक बड़े स्तर पर स्वागत कार्यक्रम होगा। न सिर्फ जनप्रतिनिधि बल्कि कई कॉलेजों के विद्यार्थी भी स्वागत कार्यक्रम में उपस्थित होंगे। स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दिल्ली रेल मंडल के एडीआरएम इंफ्रा अनुपम सिंह स्पेशल ट्रेन से दोपहर में सिटी स्टेशन आए। उन्होंने ट्रेन के स्वागत कार्यक्रम की अब की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एडीआरएम ने बताया कि अभी तक मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार सुबह देहरादून की तरफ जाते समय ट्रेन का स्वागत नहीं होगा बल्कि जब शाम को लौटेगी तब स्वागत किया जाएगा।
ये खास है वंदे भारत ट्रेन के कोच में
वंदे भारत ट्रेन वाकई खास और आकर्षक है। इस ट्रेन का मुख्य दरवाजा स्टेशन के आने पर स्वत: खुलेगा और बंद होगा। यात्रियों के लिए काफी आरामदायक सीटें हैं। यदि कोई यात्री आराम करना चाहता है, तो अपनी सीट को फैला सकता है। हर कोच में डिस्पले बोर्ड लगे हुए हैं जिससे यात्री को पता चलता रहेगा कि ट्रेन कहां दौड़ रही है। यात्रियों के मनोरंजन के लिए दोनों तरफ एलसीडी लगी हैं। शौचालय भी अत्याधुनिक और सेंसरयुक्त हैं।
संयुक्त निदेशक (कोचिंग) ने जारी की समयसारिणी
रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 22457/22458 आनंद विहार-देहरादून-आनंद विहार वंदे भारत ट्रेन की मंगलवार को समयसारिणी जारी कर दी है। नई समयसारिणी के अनुसार इस ट्रेन का मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर व रुड़की में दो-दो मिनट, सहारनपुर पांच मिनट और हरिद्वार चार मिनट का ठहराव होगा। गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। संयुक्त निदेशक (कोचिंग) विवेक कुमार सिन्हा की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि 25 मई को इसका शुभारंभ किया जाएगा।