इस्माईल नेशनल महिला पीजी काॅलेज में जागरुकता व्याख्यान व रैली का आयोजन
मेरठ। इस्माईल नेशनल महिला पीजी काॅलेज में मंगलवार को जागरुकता व्याख्यान व रैली का आयोजन किया गया। जिसमें व्याख्यान का विषय पर्यावरण सुरक्षा, जीवन रक्षा रहा। इसमें डीएफओ वंदना फोगाट ने कहा कि स्वच्छ वायु, शुद्ध जल और हरे-भरे वृक्ष हमारे जीवन की असली पूंजी हैं, यदि हम इन्हें नष्ट कर देंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को केवल प्रदूषण और संकट ही मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएफओ वंदना फोगाट, जागरूक नागरिक एसोसिएशन से गिरीश शुक्ला, इको क्लब इंचार्ज महिमा ठाकुर और डॉ. दीक्षा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। डीएफओ वंदना फोगाट ने छात्राओं को बताया कि वृक्ष लगाना, जल बचाना और प्लास्टिक का प्रयोग कम करना हमारी छोटी-सी कोशिशें हैं, जो बड़े बदलाव ला सकती हैं। गिरीश शुक्ला ने बताया कि पर्यावरण हमारा जीवन है और इसकी रक्षा करना हमारा सबसे बड़ा धर्म है।
छात्राओं ने पर्यावरण बचाओ, जीवन सजाओ, बंद करो बंद करो, पॉलीथिन का उपयोग बंद करो के नारे लगाकर बुढ़ाना गेट तक रैली निकाली। कार्यक्रम का संचालन इको क्लब इंचार्ज महिमा ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा विभाग की डॉ. ममता, डॉ. स्वर्णा और अंग्रेजी विभाग की डॉ. मीनू शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में 70 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।