मेरठ। सीएम ग्रिड योजना के तहत प्रस्तावित स्मार्ट ट्रांसपोर्ट के निर्माण कार्यों के विरोध में यूपी मोटर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन और मेरठ गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से जुड़े ट्रांसपोर्टरों ने बृहस्पतिवार को बैठक की। ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि विकास के नाम पर बनाई गई इस योजना से उनके वर्षों पुराने रोजगार पर सीधा प्रभाव पडेगा। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे मजबूरन अपने वाहनों को खड़ा कर ट्रांसपोर्ट नगर में ताला लगा देंगे और चाबियां डीएम कार्यालय में जमा करा देंगे।
यूपी मोटर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत उर्फ पिंकी चिन्योटी ने कहा कि ट्रांसपोर्टर विकास के विरोधी नहीं है लेकिन जिस तरह ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क चौड़ीकरण और फुटपाथ निर्माण की योजना बनाई जा रही है उससे उनका पूरा कारोबार ही खत्म हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब बाहर से आने वाला माल उतारने के लिए जगह ही नहीं बचेगी तो वे अपने गोदामों तक सामान कैसे पहुंचाएंगे। ट्रांसपोर्ट संगठनों ने कहा कि वे वर्षों से जिस स्थान पर वैध रूप से कारोबार कर रहे हैं वहां से उन्हें हटाया जाना अन्यायपूर्ण है। इससे न सिर्फ सैकड़ों ट्रांसपोर्टरों का रोजगार संकट में पड़ जाएगा बल्कि हजारों परिवारों की रोजी रोटी भी प्रभावित होगी। ट्रांसपोर्टरों ने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रोकने की माग की। बैठक में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के विकास गांधी, राकेश विज, अनुज विज, भारत भूषण, विनोद कुमार, आरके शर्मा, विजय कुमार, लकी त्यागी, आशीष दीक्षित, सुनील शर्मा उपस्थित रहे।