गंगानगर। इंचौली क्षेत्र में बिना फेंसिंग के खुले में रखे ट्रांसफार्मर हादसों को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों के कई बार शिकायत करने के बाद भी विद्युत विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर गांव के दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। आए दिन करंट की चपेट में आकर पशुओं की मौत हो जाती है। इंचौली स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने 11 केवीए का ट्रांसफार्मर खुले में रखा है। स्कूल में रोजाना 200 से ज्यादा छात्र पढ़ने आते हैं। कई बार छात्र खेलते वक्त ट्रांसफार्मर के पास पहुंच जाते हैं। ऐसे में शिक्षकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है। सेंट्रल मार्केट में एक जगह तीन ट्रांसफार्मर खुले में रखे हैं। इसके अलावा कुंडा जोड़ी, कुआंपट्टी व सम्मस पट्टी में भी ट्रांसफार्मर को खुले में रख दिया गया है। बरसात के दौरान जमीन में करंट दौड़ने की आशंका बना रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द ही अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह धरना प्रदर्शन करेंगे। मामले में एक्सईएन मवाना देशराज सिंह सोनी का कहना है कि जल्द ही इंचौली के ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग कराई जाएगी।