सरधना। गांव कालंदी में टूटे हुए विद्युत पोल को तीसरे दिन ठीक करती उर्जा निगम की टीम। ग्रामीण
तीन दिन तक बिजली आपूर्ति रही बाधित, नए खंभे लगाकर ट्रांसफार्मर किया स्थापित
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कालंदी गांव की दलित बस्ती में जर्जर खंभों पर रखा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर बुधवार को अचानक नीचे गिर गया। हादसे के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीण उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। ट्रांसफार्मर गिरने से बस्ती की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब तीन दिन तक बिजली न आने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार बस्ती में विद्युत आपूर्ति के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर दो खंभों पर रखा था। दोनों खंभे काफी समय से जर्जर होने के साथ एक ओर झुके हुए थे। ग्रामीणों ने कई बार ऊर्जा निगम से खंभे बदलवाने की मांग की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
बुधवार को जर्जर खंभों के कारण ट्रांसफार्मर नीचे गिर गया। सूचना पर ऊर्जा निगम की टीम बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू किया। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के साथ दोनों जर्जर खंभों को भी बदलने की मांग की। इसी दौरान ट्रांसफार्मर दोबारा खंभों समेत नीचे आ गिरा और दोनों खंभे टूट गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई ग्रामीण इसकी चपेट में नहीं आया। शुक्रवार को ऊर्जा निगम की टीम ने नए खंभे लगाकर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित तरीके से स्थापित किया। इसके बाद शाम तक बस्ती की बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई। बिजली बहाल होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।