फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: ट्रेनें लेट, बिजली गुल और वाहनों की थमी रफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
ट्रेनें लेट, बिजली गुल और वाहनों की थमी रफ्तार
विज्ञापन

मेरठ। कोहरे का कहर जारी है। मंगलवार को कई ट्रेनें लेट हो गईं और हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। दूसरे दिन भी आधे शहर को आठ घंटे तक बिजली नहीं मिली। सुबह के समय लोग पानी को तरस गए। दिन में भी बिजली के कट लगते रहे। रात दस बजे ही घना कोहरा छा गया। मंगलवार का दिन सीजन में सबसे सर्द रहा। अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री और न्यूनतम 9.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
रेलवे ने रफ्तार से दौड़ने वाली ट्रेनों की अधिकतम गति 75 किमी. प्रति घंटा कर दी है। अब घना कोहरा पड़ने की वजह से ट्रेनें 40-50 किमी. प्रति घंटा की स्पीड से ज्यादा नहीं चल पा रही हैं। यही वजह रही कि मंगलवार को जम्मूतवी से चलने वाली शालीमार एक्सप्रेस सिटी स्टेशन पर साढ़े सात घंटा की देरी से पहुंची। नौचंदी एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटा की देरी से आई। जालंधर से आने वाली सुपर एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस एक से दो घंटे की देरी से आई।
विज्ञापन

नमी से बिजली भी बेपटरी हो गई है। सोमवार मध्यरात्रि के बाद से शहर के अधिकतर इलाकों की बिजली आपूर्ति आठ घंटे के लिए प्रभावित हो गई। मोहकमपुर, माधवपुरम, लोहियानगर, गंगानगर, नौचंदी, कंकरखेड़ा, घंटाघर, साकेत, विकासपुरी, श्यामनगर, बुढ़ाना गेट, सूर्यापुरम समेत अधिकतर इलाकों में सोमवार मध्य रात्रि के बाद से ही बिजली गुल हो गई, जो मंगलवार को सुबह दस बजे के बाद आई। कई जगह 12 बजे के बाद ही आपूर्ति शुरू हो सकी। सिविल लाइन क्षेत्र के पांडव नगर निवासी संजय कुमार का कहना है कि रात्रि में दो बजे के बाद लाइट चली गई। सुबह 11 बजे के बाद आपूर्ति शुरू हो पाई। गोलाकुआं इस्लामाबाद निवासी अहसान अंसारी ने बताया कि बिजली कटौती की हद हो गई है। सुबह नमाज पढ़ने जाते समय भी बिजली नहीं थी। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता नगर राजेंद्र बहादुर ने बताया कि तारों पर धूल के कणों पर जैसे ही कोहरे की नमी पहुंची है तो बड़ी लाइन में फाल्ट हो जाते हैं। जिसके कारण दो दिन से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
जनरेटर से की गई गंगाजल आपूर्ति
जलकल विभाग के सहायक अभियंता दुष्यंत कुमार ने बताया कि शहर में गंगाजल की आपूर्ति के लिए टाउन हॉल और साकेत में जनरेटर लगाए गए हैं। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने पर इन्हीं जनरेटरों से जलापूर्ति की जाती है। मंगलवार को सुबह के समय बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। घंटाघर और सिविल लाइन क्षेत्र में पानी की दिक्कत नहीं होने दी गई। सोमवार शाम को जलाशय गंगाजल से भर दिए गए।
पांच दिन तक शुष्क रहेगा मौसम
भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। रात का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहेगा और आगामी चार से पांच दिन तक कोहरा बना रहेगा। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि आगामी पांच दिन तक मौसम शुष्क ही रहने का अनुमान है। 21 दिसंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा रहेगा। अगले चार दिनों तक सुबह-शाम कोहरा रहने का अनुमान है। ऐसे में आलू व अन्य सब्जियों में नमी बनाएं रखें।
200 से नीचे आया औसत एक्यूआई
वायु गुणवत्ता सूचकांक में सुधार आया है। मंगलवार को औसत एक्यूआई 162 दर्ज किया गया है। जयभीमनगर का 232 और गंगानगर का 130 और पल्लवपुरम का 139 और बेगमपुल का 216 दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

कोहरा में ये बरतें सावधानी
1. वाहन की खिड़की के शीशे थोड़ा खुला रखें
2. तापमान को एसी व हीटर के बीच में रखें। हवा विंडस्क्रीन की ओर कर दें, ताकि भाप न जमे
3. फॉग लैंप और हैंडलैंप को ऑन कर दें और हैडलाइट लो बीम पर रखें
4. हैजर्ड लाइट्स को ऑन कर दें और पार्किंग लाइट्स भी जला लें
5. एक-दूसरे के पीछे चलें। आवश्यकता पड़ने पर ब्रेक धीरे लगाएं
6. एक ही लेन में चलें और ओवरटेक नहीं करें
7. कोहरे में दृष्टिभ्रम होता है, इसलिए टू-लेन की सड़क पर बायें किनारे के सहारे चलें
8. वाहन के पीछे लाल रेट्रो रिफ्लक्टिव टेप अवश्य लगवाएं
केंद्रीय विद्यालय में आज से शीतकालीन अवकाश
केंद्रीय विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। 21 दिसंबर से 9 जनवरी तक शहर के तीनों केवी पंजाब लाइंस, सिख लाइंस और डोगरा लाइंस बंद रहेंगे। वहीं सुबह के वक्त घने कोहरे के चलते बच्चों का स्कूल आना खतरनाक साबित हो सकता है। मौसम के बदलते मिजाज के चलते अन्य स्कूल भी जल्द ही सर्दियों की छुट्टियां के विषय में विचार कर रहे हैं। मेरठ सहोदय स्कूल कॉम्पलेक्स के सचिव गोपाल दीक्षित ने बताया कि फिलहाल कुछ विद्यालयों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। कुछ स्कूलों में क्रिसमस के बाद से शीतकालीन अवकाश होंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें