मवाना। गांव छोटा मवाना स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों पर आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हो गया। जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए शिक्षक प्रतिभागियों ने भाग लिया। संपूर्ण प्रशिक्षण गतिविधि आधारित, व्यावहारिक और संवादात्मक शैली में संचालित हुआ।
सत्रों के दौरान विशेषज्ञ वक्ता डाॅ. पूजा शर्मा, डॉ. अमित सिंह, डाॅ. मंजीत कौर खनुजा और योगाचार्य उमंग त्यागी ने केस स्टडी, समूह-कार्य और वीडियो विश्लेषण के माध्यम से मूल्य आधारित शिक्षण के विभिन्न पहलुओं को स्पष्ट किया। प्रशिक्षण के अंतिम दिन शिक्षकों ने सामूहिक फीडबैक साझा करते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया और कहा कि इससे विद्यालयों में नैतिक व संवैधानिक मूल्यों को लागू करने की नई दृष्टि मिली है।
नोडल प्रभारी प्रियंका ने शिक्षकों की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि मूल्य शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित न होकर शिक्षक के आचरण में दिखनी चाहिए। प्राचार्य मनोज कुमार आर्य ने समापन भाषण में जोर दिया कि मानवीय और संवैधानिक मूल्य ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वास्तविक आधार हैं। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए और इस सार्थक पहल के लिए डायट टीम एवं मास्टर ट्रेनर्स का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।