मोदीपुरम- कृषि विवि में महिलाओं को सुगंधित फूलों के तेल से मोमबत्ती बनाना सिखाती विशेषज्ञ।
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में ग्रामीण महिलाओं को सुगंधित फूलों से मोमबत्ती व गाय के गोबर से उत्पाद बनाना सिखाया जा रहा है।
कृषि विवि के कुलपति डाॅ. केके सिंह के निर्देशन में ग्रामीण महिलाओं के लिए कौशल विकास पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में डाॅ. रश्मि ने महिलाओं को लेमन घास से सुगंधित तेल निकालने का प्रशिक्षण दिया। डॉ. रश्मि ने महिलाओं को विवि में चल रहे कौशल विकास कार्यक्रम में प्रतिभाग करके हुनर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उनके आस-पास मिलने वाले सुगंधित फूलों के तेल से मोमबत्ती व गाय के गोबर से उत्पाद बनाने की जानकारी दी। बरखा मिश्रा ने सुगंधित तेलों से मिठाई जैसी दिखने वाली अलग-अलग डिजाइन की सुगंधित मोमबत्ती बनाने की कला सिखाई। प्रशिक्षण में पनवाड़ी, मटौर, दौराला, बफावत गांव की 30 महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में वर्णिका त्यागी, युवराज सिंह, अनुराग यादव आदि मौजूद रहे। संवाद