मेरठ। उत्कल एक्सप्रेस में बम की सूचना का असर पूरे रूट पर देखने को मिला। सहारनपुर रूट की तरफ से आने वाली कई ट्रेनें बाधित रहीं और घंटों की देरी से सिटी स्टेशन पर पहुंची। यहां यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
उत्कल में बम की सूचना के चलते सिटी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर पुलिसकर्मियों को मुस्तैद कर दिया गया था। संदिग्धों की चेकिंग भी की गई। इस रूट पर मेरठ की ओर आने वाली आधा दर्जन ट्रेनें घंटों देरी से सिटी स्टेशन पहुंची। उत्कल एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे देरी से सुबह 9.51 बजे के बजाय दोपहर 12.23 बजे सिटी स्टेशन पहुुंची। वहीं, सुपर एक्सप्रेस एक घंटे 41 मिनट की देरी से 12.41 बजे, अंबाला-दिल्ली मेमू 3 घंटे 25 मिनट की देरी से दोपहर 2.10 बजे, देहरादून-कोच्चिवली एक्सप्रेस एक घंटे 50 मिनट की देरी से दोपहर 1.14 बजे और देहरादून-मदुरई एक्सप्रेस एक घंटे 20 मिनट की देरी से 1.30 बजे सिटी स्टेशन पहुंची।
संगम घंटों लेट, नौचंदी सुधरी
प्रयागराज से मेरठ आने वाली संगम और नौचंदी की हालत नहीं सुधरी है। ये दोनों ट्रेनें कई सालों से घंटों की देरी से चल रही हैं। प्रयागराज से वाया कानपुर, मेरठ सिटी आने वाली संगम एक्सप्रेस सोमवार को चार घंटे 25 मिनट की देरी से सुबह 10.50 बजे सिटी स्टेशन पर पहुंची। हालांकि, नौचंदी एक्सप्रेस सोमवार को मात्र पांच मिनट की देरी से सुबह 7.30 बजे सिटी स्टेशन पहुंच गई।
वर्जन
- सिटी स्टेशन पर शाम के समय रोजाना चेकिंग की जाती है। ट्रेन आने पर भी संदिग्धों पर नजर रखी जाती है। उत्कल में बम की सूचना पर अलर्ट जारी कर दिया गया था।
- किरन राज, जीआरपी प्रभारी
- आरपीएफ ट्रेनों में सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। हालांकि, यहां कोई ऐसी सूचना नहीं थी और न ही यहां ट्रेन की कोई चेकिंग की गई। उत्कल को रवाना कर दिया गया।
- जितेंद्र कुमार, आरपीएफ प्रभारी