कंकरखेड़ा। सरधना रोड पर आठ जुलाई को रिटायर्ड अमीन ओमप्रकाश की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत के बाद पुलिस आरोपी चालक का सुराग नहीं लगा पाई है। बृहस्पतिवार को ओमप्रकाश के बेटे संदीप घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर सीसीटीवी फुटेज की खुद खंगाल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान यातायात पुलिसकर्मी ने उनके साथ मारपीट कर दी। वहीं, ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने भी संदीप पर भी वर्दी फाड़ने का आरोप लगाया है। बताया गया है कि थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्ष में समझौता हो गया।
सरधना थाना क्षेत्र के दबथुआ गांव निवासी ओमप्रकाश रिटायर्ड अमीन थे। सरधना थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से ओमप्रकाश की मौत के बाद परिजन ने रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। लेकिन अब तक आरोपी चालक की पहचान नहीं हुई थी। इसके चलते ओमप्रकाश का बेटा संदीप स्वयं आरोपी की तलाश में जुट गया था। संदीप घटना स्थल की ओर जाने वाले रास्ते के सीसीटीवी की फुटेज चेक कर आरोपी चालक व वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रहा था। बृहस्पतिवार को संदीप फुटेज चेक करने के लिए सरधना फ्लाईओवर के नीचे खड़ा था। तभी यातायात पुलिसकर्मी ने संदीप से दूसरी जगह खड़े होने के लिए कहा। संदीप दूसरी जगह खड़ा हुआ तो पुलिसकर्मी वहां भी आकर संदीप को टोकने लगा। इस पर दोनों में विवाद हो गया और दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगा दिए। इस दौरान लगभग आधे घंटे से हंगामा हुआ। थाना प्रभारी और यातायात निरीक्षक भी मौके पर पहुंचे।
गलत फहमी में लगाए आरोप
एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्रा का कहना है कि मारपीट व वर्दी फाड़ने की कोई घटना नहीं हुई। गलत फहमी के कारण एक दूसरे पर आरोप का मामला सामने आया है। यातायात पुलिसकर्मी ने युवक को साइड में खड़े होने के लिए कहा था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।