शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए शनिवार को ट्रैफिक पुलिस सड़क पर उतर आई। पुलिस ने नो टेंपो जोन में दौड़ रहे ऑटो सीज कर दिए। साथ ही एक दर्जन ई-रिक्शा को सीज कर पुलिस लाइन भेजा। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने पहली बार अवैध तरीके से दौड़ रहे जुगाड़ वाहनों पर भी कार्रवाई शुरू की।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अमर उजाला ने अभियान चला रखा है। पुलिस अफसरों का कहना है कि शहर में पशु चलित वाहन और अवैध तरीके से चल रहे जुगाड़ ट्रैफिक व्यवस्था को बाधित कर रहे हैं। एसपी ट्रैफिक ने शनिवार सुबह ट्रैफिक पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। ट्रैफिक इंस्पेक्टर सुनील कुमार, टीएसआई दीनदयाल दीक्षित और टीएसआई नदीम खान ने दिल्ली रोड, हापुड़ रोड पर टीम बनाकर अभियान चलाया। बेगमपुल से बच्चा पार्क, इंदिरा चौक, हापुड़ अड्डा, गांधी आश्रम, तेजगढ़ी और मेडिकल कॉलेज तक नो टेंपो जोन घोषित है। ट्रैफिक पुलिस ने नो टेंपो जोन में 25 ऑटो सीज कर पुलिस लाइन भेज दिए। जबकि बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध तरीके से चल रहीं 13 ई-रिक्शा को भी सीज कर पुलिस लाइन में ट्रैफिक कार्यालय भेज दिया।
इस दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई जुगाड़ पर हुई है। शहर में अलग-अलग स्थानों से 13 जुगाड़ मौके पर ही सीज कर दिए, जिन्हें ट्रैफिक पुलिस कब्जे में लेकर पुलिस लाइन पहुंची। जुगाड़ में इंजन स्कूटर का, पहिया बाइक के लगाकर मानक ताक पर रखकर माल ढोया जा रहा था। ट्रैफिक पुलिस ने 42 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि रविवार को भी अभियान चलाया जाएगा।
सीज जुगाड़ काटे जाएंगे
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी का कहना है कि जुगाड़ को लेकर हाईकोर्ट के निर्देश हैं कि सख्त कार्रवाई की जाए। जांच में आरटीओ से भी सीज किए गए जुगाड़ का कोई रजिस्ट्रेशन नहीं पाया गया। इन्हें कोर्ट के आदेश पर काटा जाएगा। एसपी ट्रैफिक ने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए कि जुगाड़ पर जो माल ले जाया जा रहा था वह सामान पीड़ित को सौंप दिया जाए।
आठ से पशु चलित वाहन भी प्रतिबंधित
टीएसआई दीनदयाल दीक्षित का कहना है कि आठ अगस्त से सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे पशु चलित वाहन भी शहर में प्रतिबंधित रहेंगे। रात्रि आठ बजे से सुबह आठ बजे तक ही पशु चलित वाहन चल सकेंगे।