शहर की यातायात व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब लोगों को जाम से न जूझना पड़े। ट्रैफिक पुलिस के तमाम अभियान भी ठंडे पड़ गए हैं। जिस कारण कई स्थानों पर अवैध पार्किंग बन गई हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर कचहरी पुल, जीरो माइल चौराहा और बेगमपुल पर जाम लगा रहा। दिल्ली रोड पर भैसाली बस अड्डे पर अवैध तरीके से सड़क पर ही बस, ई-रिक्शा और ऑटो रुकने से भी लंबा जाम लग गया। केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा के पास भी जाम की स्थिति रही। घंटाघर पर एसपी सिटी कार्यालय के सामने लगे अस्थायी बैरियर हटाए जाने से फिर से आड़े तिरछे वाहन जाम का कारण बन रहे हैं। सबसे ज्यादा पुलिस को मशक्कत बुढ़ाना गेट चौकी के सामने करनी पड़ रही है। यहां पिछले एक माह से सभी बैरियर डिवाइडर के स्थान से हटा दिए गए हैं। ईव्ज चौराहा, इंदिरा चौक और हापुड़ अड्डा से भूमिया पुल तक भी जाम की स्थिति बनी रही। शाम के समय फिर से दिल्ली रोड पर जाम लग गया।
अवैध ऑटो और ई-रिक्शा बने मुसीबत
दिल्ली रोड, हापुड़ अड्डा और बेगमपुल से जीरो माइल तक सबसे ज्यादा अवैध ई-रिक्शा और ऑटो सड़क पर खड़े होने से जाम की स्थिति बन रही है। कुछ स्थानों पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने अवैध पार्किंग ही बना ली है। ट्रैफिक पुलिस अभियान चलाती है। लेकिन अभियान शुरू होते ही कमजोर होने लगता है।
अतिक्रमण पर पुलिस चुप
अतिक्रमण पर पुलिस खामोश बैठ गई। थाना प्रभारी और सीओ ने पिछले दस दिनों में कहीं भी अतिक्रमण को लेकर अभियान नहीं चलाया। सड़क पर सफेद पट्टी से मिड लाइन की तरफ भी वाहन खड़े होने शुरू हो गये हैं।