हस्तिनापुर (मेरठ)। हस्तिनापुर-चांदपुर (बिजनौर) को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का जिलाधिकारी दीपक मीणा और एसएसपी विपिन ताडा ने गंगा पुल तक निरीक्षण किया। डीएम ने एसडीएम मवाना को मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण इस पर आवागमन बंद करने के निर्देश दिए हैं।
गत वर्ष जुलाई माह में आई बाढ़ के कारण हस्तिनापुर-बिजनौर को जोड़ने वाले गंगा पुल का संपर्क मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से लोग यहां से जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे थे। साथ ही इसे दुरुस्त करने की भी मांग कर रहे थे। परंतु चुनाव के कारण बजट मंजूर नहीं किया गया। अब करीब एक सप्ताह पूर्व गंगा के उफान पर आने के कारण पानी फिर से संपर्क मार्ग के ऊपर से गुजर गया। इस कारण राहगीरों का आवागमन बाधित रहा।
शनिवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा व एसएसपी विपिन ताडा ने गंगा नदी के पुल के संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया। इसके बाद डीएम ने एसडीएम मवाना अंकित कुमार व सीओ मवाना सौरभ सिंह को मार्ग बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बरसात के बाद संपर्क मार्ग पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को दो स्थानों पर सड़क पानी में बही मिली तो उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से आवागमन बंद करने के निर्देश दिए। डीएम दीपक मीणा ने कहा कि भीकुंड तिराहे पर बल्ली के बैरियर लगाए जाएं। इसके अलावा एडीएम वित्त एवं राजस्व व नायब तहसीलदार ने खादर क्षेत्र में बनी बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर लेखपालों को गंगा नदी के जलस्तर पर निगाह रखने के निर्देश दिए।
मार्ग बंद होने से किसानों को होगी परेशानी
चांदपुर मार्ग पर आवागमन बंद होने से स्थानीय किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को खेती करने के लिए गंगा पार जाना पड़ता है। पहले बरसात के मौसम में खेती की देखभाल करने के लिए लोग नाव के सहारे दूसरी ओर जाते थे। लेकिन गंगा पर पुल बनने के बाद उनका आवागमन आसान हुआ।