सरधना। नगर की तहसील रोड पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण आमजन को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की गति धीमी होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
सड़क निर्माण के दौरान की गई खुदाई और सामग्री के फैलाव के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दिनभर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। इस कारण पैदल चलने वाले राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी कठिनाई हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने से उम्मीद जगी थी कि जल्द ही उन्हें बेहतर सड़क मिलेगी, लेकिन कार्य की गति धीमी बनी होने के कारण स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। धूल और अव्यवस्था के कारण आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
व्यापारियों का कहना है कि इससे ग्राहकों पर असर पड़ रहा है। जिसका असर उनके कारोबार पर दिख रहा है। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को भी इस मार्ग से गुजरने में अधिक समय लग रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से अपील की है कि निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेज करते हुए जल्द से जल्द मार्ग सुचारु कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।