परीक्षितगढ़ (मेरठ)। गृहकर में वृद्धि के खिलाफ मंगलवार को बड़ी संख्या में व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। उन्होंने नगर पंचायत पहुंचकर काफी देर तक हंगामा किया गया। उन्होंने प्रस्तावित वृद्धि को वापस लेने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो नगर पंचायत कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी। बाद में अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन दिया गया।
दरअसल, स्वकर प्रणाली के आधार पर गृहकर सर्वे कराया जा रहा है। नगर पंचायत कर्मचारियों की टीम भवनों का सर्वे करने की तैयारी कर रही है। इसी मामले में मंगलवार को संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, महामंत्री शुभम वशिष्ठ की अगुवाई में व्यापारियों सहित अन्य लोगों ने यह प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कहा कि पहले भवनों पर अधिकतम 200 से 500 रुपये का गृहकर आता था, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह कई गुना अधिक करने की तैयारी की जा रही है।
चेतावनी दी गई कि यदि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो नगर पंचायत की तालाबंदी की जाएगी। काफी हंगामे के बाद अधिशासी अधिकारी मनोज शर्मा ने वार्ता की। उन्होंने बताया कि स्वकर प्रणाली सरकार की ओर से लागू की गई है। जल्द ही बोर्ड बैठक में निर्णय लिया जाएगा। इसी दौरान कोषाध्यक्ष संजय सोनी, उपाध्यक्ष विशाल गोयल, अजय गोयल, नितिन सोनी, यतीन गर्ग, सुषांत माहेश्वरी, अक्षय त्यागी, गजेंद्र गुर्जर, मनोहर, अंकित शर्मा, रिंकू गुर्जर, सुरेश गुर्जर, डॉ. विकास वर्मा, हर्ष कुमार, ज्ञानेश्वर शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
-
800 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई
लावड़। नगर निकाय में शासन के आदेश पर भवन कर को बढ़ाया जा रहा है, लेकिन लगातार लोग इसका विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को भाजपा नेता मोहन सैनी के नेतृत्व में लगभग 800 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। मोहन सैनी ने बताया कि शासन ने भवन कर बढ़ाने, लाइसेंस शुल्क लगाने के आदेश जारी किए हैं। बताया कि देहात के बहुत से परिवार ऐसे हैं, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। ऐसे में पूर्व की तुलना में अब बढ़ाए जाने वाले भवन कर का बोझ वह वहन नहीं कर सकते। मंगलवार को उनके साथ लगभग 800 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। बुधवार को भी आपत्ति दर्ज कराईं जाएंगी। अधिशासी अधिकारी मनोज शर्मा ने 17 जनवरी तक कर कम कराने का आश्वासन दिया। मोहन सैनी ने चेतावनी दी कि यदि 17 जनवरी तक भवन कर कम नहीं किया गया तो वह अगले दिन से भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।