- संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सोमवार को संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष नवीन गुप्ता के नेतृत्व में एसएसपी विपिन ताड़ा से मुलाकात की। उन्होंने एक ज्ञापन भी एसएसपी को सौंपा और उसमें रात्रिकालीन बाजार खोले जाने की मांग की और यातायात समस्याओं को उठाया।
ज्ञापन सौंपते समय अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि शहर में रात्रिकालीन व्यापार की भी आवश्यकता है। व्यापारी रात 9 बजे तक अपने कार्यों से मुक्त होते हैं और उसके बाद परिवार सहित भोजन के लिए बाहर निकलते हैं। इसलिए खानपान प्रतिष्ठानों को रात 12 बजे तक खुले रखने की अनुमति दी जाए। इस दौरान उन्होंने गोला कुआं समेत कई जगहों पर लगने वाले जाम की समस्या को भी उठाया। उन्होंने सदर थाने के इंस्पेक्टर और यातायात इंस्पेक्टर के द्वारा व्यापारियों के साथ किए गए दुर्व्यवहार पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने एसएसपी से इसकी शिकायत की। उपाध्यक्ष संजीव रस्तोगी ने यातायात इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसएसपी ने जल्द जाम की समस्या और अन्य मांगों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान महामंत्री संजय जैन, विजय अग्रवाल, नीरज मित्तल, संजीव रस्तोगी, तरुण कुमार गुप्ता, विकास गिरधर, मंत्री अपार मेहरा, सुमित ग्रोवर, परविंदर त्यागी, लल्लू मक्कड़ आदि मौजूद रहे।