संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गंज बाजार में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला से मुलाकात की। व्यापारियों ने ईओ को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
सरधना व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जैन के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि जलभराव के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे उनका व्यापार लगातार नुकसान झेल रहा है। आने वाले दिनों में होली और ईद जैसे बड़े त्योहार हैं, जिनके चलते बाजार में भीड़ बढ़ने की उम्मीद रहती है, लेकिन मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है।
व्यापारियों का कहना है कि पानी भरे रहने से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। पंकज जैन ने जनहित को देखते हुए ईओ से शीघ्र समाधान कराने की मांग की। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष निजाम अंसारी, हाजी कासिम आदि मौजूद रहे।
ईओ दीपिका शुक्ला ने कहा कि समस्या गंभीर है। नगर पालिका की ओर से लगातार सफाई कराई जा रही है। जल्द ही सड़क और नालियों का निर्माण कार्य कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।