मेरठ। दिल्ली रोड पर रैपिड निर्माण के चलते जिन व्यापारियों की दुकानें जद में आ रही हैं और डेढ़ साल से कारोबार प्रभावित है, उन्हें कम से कम एक-एक करोड़ रुपये की दर से मुआवजा दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही रैपिड का कार्य जहां पूर्ण हो गया है, वहां सड़क बनाकर तुरंत बैरिकेडिंग हटाई जाए।
उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारी और दिल्ली रोड के व्यापारी अपनी मांगों लेकर विधायक अमित अग्रवाल से मिले और अपनी यह मांगें उठाईं। इस दौरान दिल्ली रोड के टायर व्यापारी मोहित गुप्ता ने कहा कि दिल्ली-मेरठ की यातायात को सुगम करने के लिए रैपिड रेल परियोजना पर काम चल रहा है। रैपिड रेल परियोजना के तहत रामलीला ग्राउंड, दिल्ली रोड मेरठ से अंडरग्राउंड का काम होना है। पिछले एक वर्ष से अधिक समय से लगातार कार्य के कारण कारोबार ठप हो रहा है। ऐसे में फुटबॉल चौक से दिल्ली रोड को छह माह के लिए बंद किया जाएगा तो हालात और गंभीर होंगे।
प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों को होने वाले नुकसान पर मुआवजे की स्थिति स्पष्ट नहीं है। पंकज गांधी ने कहा कि मार्ग बंद होने और तोड़फोड़ की स्थिति में दुकानों के नुकसान का आंकलन कर सर्किल रेट का पांच गुना मुआवजा दिलाया जाए।