मेरठ। बार एसोसिएशन के आह्वान पर दिसंबर मध्य में होने वाले संपूर्ण मेरठ बंद को सफल बनाने के लिए संयुक्त व्यापार संघ ने कमर कस ली है। बुधवार को संघ के महामंत्री संजय जैन के कैंप कार्यालय शास्त्रीनगर में संयुक्त व्यापार संघ की महत्वपूर्ण बैठक हुई। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और संचालन महामंत्री संजय जैन ने किया। इस दौरान हाईकोर्ट बैंच और शास्त्रीनगर के व्यापारियों की समस्या आदि विषयों पर चर्चा की गई।
अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि बार एसोसिएशन के बंद के आह्वान को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए संघ की पूरी टीम मेरठ के सभी प्रमुख बाजारों व व्यापारिक संगठनों से संपर्क करेगी। यह कार्य शुरू भी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि संघ ने तीन प्रचार वाहन तैयार किए हैं। इनमें लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। ये वाहन 15, 16 व 17 दिसंबर को शहर के सभी बाजारों में घूमकर व्यापारियों से शांतिपूर्ण बंद में सहयोग करने की अपील करेंगे।
नवीन गुप्ता ने कहा कि सेंट्रल मार्केट से जुड़े हाईकोर्ट के हालिया आदेश का गहन परीक्षण कराया जा रहा है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं से राय लेने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। स्पष्ट किया कि व्यापारी हितों की रक्षा के लिए संयुक्त व्यापार संघ हर कीमत पर डटा रहेगा। जरूरत पड़ी तो व्यापक आंदोलन भी किया जाएगा। इसमें अधिवक्ताओं के साथ हर आमजन का सहयोग लिया जाएगा।
महामंत्री संजय जैन ने कहा कि शहर और शहर के लोगों को बचाने के लिए व्यापारी सदा से कार्य करता रहा है। आज हमरे सामने हाई कोर्ट बैंच और दूसरा शास्त्रीनगर, जागृति विहार और माधवपुरम को बचाने का विषय है। जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर हर व्यापारी के घर को बचाएंगे। इस दौरान कोषाध्यक्ष विजय आनंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजीव रस्तोगी, तरुण गुप्ता, मंत्री अमित बंसल, सुनील वर्मा, अनुज सिंघल, सरदार राजबीर सिंह, विकास गिरधर, अपार मेहरा आदि रहे।