व्यापारियों को नहीं मिलता 25 लाख से अधिक का लोन
- चैंबर ऑफ कामर्स में व्यापारी, उद्यमियों की एलडीएम के साथ बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। रोडवेज चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी सभा चैंबर ऑफ कामर्स में आयोजित की गई। संचालन महामंत्री विपिन कुमार अग्रवाल ने किया। बैंकों में व्यापारियों के हो रहे उत्पीड़न को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने लंच के समय बैंकों में ताला बंदी का भी विरोध किया।
अध्यक्ष बिजेंद्र अग्रवाल ने ओडी ट्रांसफर के समय लिए जाने वाले दो प्रतिशत चार्ज पर आपत्ति जताई। उद्यमी और व्यापारियों से सभी दस्तावेज लेने के बावजूद 25 लाख से अधिक का व्यापारिक ऋण नहीं दिया जाता है। छोटे ऋण में भी बैंक लंबी फार्मेलिटी करते हैं। संपत्ति के कागजात बैंक गिरवी के रूप में रख लेते हैं। बैंक शाखाओं में लंच के समय ताला बंदी कर दी जाती है। मुख्य अतिथि लीड बैंक मैनेजर एसके मजूमदार ने कहा कि सभी समस्याओं का उच्च अधिकारियों से चर्चा कर समाधान कराया जाएगा।
महामंत्री विपिन कुमार अग्रवाल ने बताया कि चैंबर के संस्थापक सदस्य राजेंद्र अग्रवाल का स्वर्गवास हो गया है। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष पीडी मित्तल की आज चतुर्थ पुण्यतिथि है। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक में राकेश रस्तोगी, अरुण कुमार, अजय अग्रवाल, रवि प्रकाश अग्रवाल, अनिल गुप्ता, सर्वेश कुमार सराफ, मनीष प्रताप, विनीत पाल, डॉ. सुबोध गर्ग, मयूर मित्थल, लविंद्र भूषण शर्मा, गिरीश मोहन गुप्ता रहे।
संयुक्त व्यापार संघ ने चलाया चंदा संग्रह अभियान
मेरठ। संयुक्त व्यापार संघ का चंदा एकत्रित अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। कंकरखेड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष नीरज मित्तल के कैंप कार्यालय पर सभी व्यापारी एकत्रित हुए। कंकरखेड़ा की सभी संस्थाओं से चंदा लिया गया। बेगमपुल पर भी चंदा कलेक्शन अभियान चलाया गया। नेतृत्व अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने किया। इस दौरान संजय जैन, सतीश चंद्र जैन, नीरज मित्तल, नरेंद्र सिंह करनैल, अमित बंसल, विकास गिरधर, संजीव जिंदल, अनुज सिंघल, अपार मेहरा, सुमित ग्रोवर, सुधांशु पाराशर व अन्य व्यापारी मौजूद रहे। ब्यूरो