मेरठ। वार्ड-89 गुलजार इब्राहिम मोहल्ले में आरसीसी नाले का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। इस पर व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। व्यापारियों ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए व्यापारियों ने नगर आयुक्त सौरभ गंगवार को ज्ञापन दिया है।
व्यापारियों का कहना कि ट्यूबवेल चौराहे से भूमिया के पुल तक का मार्ग व्यस्त रहता है। वर्तमान में नाले की खुदाई कर मिट्टी, रोड़ी-डस्ट सड़क पर डाल दिए गए हैं। कई दुकानों के सामने बने स्लैब भी तोड़ दिए गए हैं, जिससे लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। रमजान माह में मस्जिदों में नमाज के समय भारी भीड़ रहती है। होली और रमजान के चलते बाजारों में आवाजाही बढ़ गई है। धीमे निर्माण कार्य से व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान तक बंद करने पड़ते हैं। आरोप कि अवर अभियंता, सहायक अभियंता, सुपरवाइजर और ठेकेदार की मिलीभगत के कारण कार्य जानबूझकर धीमा चल रहा है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि निगम ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो क्षेत्र के लोग भूमिया के पुल पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में पूर्व पार्षद अफजाल सैफी, जीशान ख्वाजा, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद आबिद समेत कई व्यापारी शामिल रहे।